मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना सिखेड़ा का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी पहरा, भोजनालय और कम्प्यूटर कक्ष सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। एसएसपी ने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की बारिकी से जांच की और त्यौहार रजिस्टर, अपराध रजिस्टर तथा टॉप-10 अपराधियों की सूची का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों पर और अधिक प्रभावी कार्यवाही की जाए तथा नए सिरे से टॉप-10 अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही एसएसपी ने थानाक्षेत्र में सक्रिय शातिर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन की प्रक्रिया को और सख्ती से करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता से शालीनतापूर्ण व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि महिला सम्बन्धी अपराधों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। क्षेत्र में नियमित रूप से पैट्रोलिंग बढ़ाने पर भी उन्होंने बल दिया ताकि अपराधियों में भय का माहौल बने और आमजन को सुरक्षा का विश्वास मिले।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन और सतर्कता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच शालीन व्यवहार और त्वरित न्याय से ही मजबूत होगी। इस अवसर पर उन्होंने अपराध पर अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने और जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के बाद एसएसपी की सक्रियता से थाना पुलिस में नई ऊर्जा और सजगता का माहौल देखा गया।















