मुजफ्फरनगर के चरथावल स्थित गांधी इंटर कॉलेज में तहसील स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी शैक्षिक कबड्डी क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा मनीष गर्ग एवं कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मनीष गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है प्रतिभाग करना। उन्होंने कहा कि हार के बिना जीत का महत्व नहीं समझा जा सकता और हार-जीत के बीच खिलाड़ी का संघर्ष ही उसकी असली पहचान होती है।
इस प्रतियोगिता में सदर तहसील के 20 माध्यमिक विद्यालयों ने भाग लिया। अंडर-19 बालक वर्ग में केके इंटर कॉलेज बघरा की टीम विजेता बनी, जबकि अंडर-17 वर्ग में जे जे इंटर कॉलेज बसेड़ा की टीम ने खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में किसान इंटर कॉलेज अलीपुर खेती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सत्यकाम तोमर (जिला क्रीड़ा सचिव मुजफ्फरनगर), डॉ. राहुल कुशवाहा, अमित कुमार, अक्षय कुमार, गया प्रसाद प्रजापति, विपिन त्यागी, मनोज कुमार, दीपक बालियान, नीरज बालियान, विनुज कुमार, विनीत कुमार, अशोक कुमार, उमेश यादव और मोहम्मद रिजवान सहित कई लोगों का विशेष योगदान रहा। चयनकर्ता की भूमिका में उत्तराखंड पुलिस के दिनेश मलिक उपस्थित रहे, जबकि निर्णायक मंडल में अंकित आर्य, अंकित, रवि राणा ने अपनी सेवाएं दीं।
समापन अवसर पर संयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक समीर चौधरी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आगामी 16 सितंबर को जनपदीय प्रतियोगिता में इसी क्रीड़ा ग्राउंड पर प्रतिभाग करेंगे।















