एटा जिले में आयोजित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल (रजि.) की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश के 68 जिलों से व्यापारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने की जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने किया। मुजफ्फरनगर से वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अशोक कंसल के नेतृत्व में भी एक प्रतिनिधिमंडल एटा पहुंचा। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से अशोक कंसल को पश्चिम क्षेत्र की राजनीतिक समन्वय समिति का संयोजक मनोनीत किया गया। इस घोषणा के साथ ही मुजफ्फरनगर के व्यापारियों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
मुजफ्फरनगर लौटने पर नगर कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया। आर्शीवाद बैंक्विट हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें पगड़ी पहनाकर, शॉल उड़ाकर और फूलमालाओं से नवाजा गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। गोष्ठी का आयोजन भी किया गया जिसका संचालन प्रदेश सचिव दिनेश बंसल ने किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि यह राजनीतिक विंग संगठन के पदाधिकारियों को राजनीति में आगे बढ़ाने का काम करेगा। वहीं संरक्षक सरदार सुखदर्शन सिंह बेदी ने अशोक कंसल के सरल स्वभाव और राजनीतिक कौशल की सराहना की। कार्यक्रम में प्रदेश संरक्षक सुलक्खन सिंह नामधारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं संरक्षक सुखदर्शन सिंह बेदी, जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी, नगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल, नगर महामंत्री प्रवीण खेड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व महिला मोर्चा की सदस्याएं उपस्थित रहीं। इस मौके पर सभी ने अशोक कंसल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।















