अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड के नोगांवा क्षेत्र में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विधायक और अन्य अतिथियों का माल्यार्पण एवं सांफा पहनाकर सम्मान किया गया।
विद्यालय स्टाफ और छात्रों द्वारा स्कूल परिसर व सार्वजनिक स्थानों पर 121 पौधे लगाए गए, जबकि 500 से अधिक पौधे आमजन को वितरित किए गए। इनमें आम, नीम, पीपल, बरगद, अशोक सहित कई छायादार पौधे शामिल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य बच्चन सिंह ने की।
इस मौके पर विधायक सुखवंत सिंह ने कहा कि हर पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जीवंत उपहार है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेड़, जंगल, जल और जमीन आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं और इनका संतुलन बिगड़ने पर पृथ्वी पर जीवन संकट में पड़ सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण की अपील की।
कार्यक्रम में नौगांवा मंडल अध्यक्ष भीम सिंह चेतवाल, राजेंद्र सैनी, पत्रकार नरेश जैन आजाद, फजरु खान पीटीआई, विद्यालय स्टाफ व ग्रामीण जन उपस्थित रहे।















