जयपुर में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 15 जुलाई से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सम्पूर्ण राजस्थान से हर जिले से दो-दो प्रतिभागियों का चयन किया गया था। भरतपुर जिले से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुसावर में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर कुलदीप पांडे और एक अन्य नर्सिंग ऑफिसर का चयन हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान आयोजित परीक्षा में कुलदीप पांडे ने पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर कार्यक्रम के दौरान डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और आरसीएच निदेशक की ओर से प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अब कुलदीप पांडे मास्टर ट्रेनर के रूप में जिले में कार्यरत आरकेएसके काउंसलर्स को प्रशिक्षण देंगे। प्रथम स्थान मिलने की खुशी में भुसावर में उनके मित्रों और परिजनों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। इस अवसर पर अखिल भारतीय पंचायत परिषद दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव लक्ष्मीकांत तिवारी और ऑल इंडिया क्रेशर डस्ट कॉन्ट्रैक्टर्स संगठन के अध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा घाटरी ने फोन कर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।















