मुजफ्फरनगर के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा में ‘आत्मविश्वास निर्माण एवं कौशल वृद्धि’ विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। समापन दिवस पर कोच एवं पब्लिक स्पीकर कुलविन्द्र कौर ने कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को गृहकार्य के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि रुचिपूर्ण और गुणवत्तापूर्ण गृहकार्य से न केवल आनंद मिलता है बल्कि कार्यकुशलता भी बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपना एक पसंदीदा विषय चुनें और उसे अपना मित्र बनाएं, ताकि सभी विषयों में रुचि विकसित हो सके। इसके बाद ऑथर शैरी ने कक्षा 10 से 12 तक के छात्रों को पब्लिक स्पीकिंग के महत्व और आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि मंच अभिव्यक्ति से न केवल झिझक दूर होती है, बल्कि जीवन में सफलता की राह भी आसान होती है। शैरी ने ‘धागा और मोती’ गतिविधि के माध्यम से भाषण कला को रोचक ढंग से समझाया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया व रीटा दहिया ने अतिथियों को शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और विद्यार्थियों को बताई गई बातों का पालन करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।















