मुजफ्फरनगर के थाना भोपा क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भोपा के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भोपा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा छछरौली के जंगलों में यह कार्रवाई की गई। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त को गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया। अभियुक्त के पास से एक अवैध शस्त्र तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त कई संगीन मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस सफलता को पुलिस प्रशासन ने अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।















