मुजफ्फरनगर के सभागार में योगासन स्पोर्ट्स अलायन्स एसोसिएशन के तत्वावधान में तृतीय जिला स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शानदार एवं भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में 10 विद्यालयों एवं शैक्षिक संस्थानों के लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित उद्योगपति गौरव स्वरूप ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. एम. के. तनेजा और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तारिणी तनेजा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मोर्चा क्रांति सेना की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
चैंपियनशिप का संचालन इंडियन योग एसोसिएशन के वाइस चेयरपर्सन डॉ. राजीव कुमार ने किया। आयोजन की अध्यक्षता योग स्पोर्ट्स अलायन्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंडित संजीव शंकर ने की, वहीं धन्यवाद ज्ञापन चेयरमैन कैप्टन कुलदीप सिंह चौहान द्वारा किया गया। महासचिव सुनील कुमार आचार्य के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में 5 रेफरी भी सम्मिलित रहे।
डॉ. राजीव कुमार ने योग स्पोर्ट्स अलायन्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शानदार आयोजन के लिए पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतिभागी विद्यालयों एवं संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. एम. के. तनेजा ने कहा कि योग सीखने और करने की कोई आयु नहीं होती। यह सभी आयु वर्ग के लोगों को समान रूप से लाभ पहुंचाता है और इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर योगाचार्य संजीव शंकर, नगर पालिका सभासद मनोज वर्मा, योगाचार्य सुरेंद्र मान, डॉ. राजीव कुमार, सीमा सिंह, सुनील कुमार आचार्य, अर्चना मलिक, मंजू चौधरी और चंचल ने संयुक्त रूप से महर्षि पतंजलि के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विशिष्ट अतिथि पूनम चौधरी ने कहा कि युवा महिलाओं और बच्चों को योग अवश्य सीखना चाहिए, क्योंकि एक सशक्त गृहस्थ जीवन के लिए सशक्त महिला का होना अनिवार्य है।















