मुजफ्फरनगर के कमल नगर निवासी ई-रिक्शा चालक शुभम पाल की लुटेरों द्वारा हत्या किए जाने की घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी लेने के लिए समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।
आज प्रतिनिधिमंडल में शामिल समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट, समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय महासचिव व मुजफ्फरनगर लोकसभा सांसद हरेंद्र सिंह मलिक, राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, प्रदेश सचिव विनय पाल सिंह, प्रदेश सचिव डॉ लाखनपाल, महानगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी बॉबी और विधानसभा अध्यक्ष डॉ अविनाश कपिल ने कमल नगर स्थित मृतक शुभम पाल के शोकाकुल परिवार से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने हत्याकांड की जानकारी के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का संदेश देते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध और दुस्साहसिक घटनाएं कानून व्यवस्था की लचर हालत को उजागर कर रही हैं, जिससे प्रतिदिन आम लोग लूट और हत्या का शिकार हो रहे हैं। शुभम पाल जैसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जिंदगियां इस अव्यवस्था के कारण उजड़ रही हैं। अखिलेश यादव ने इस जघन्य घटना पर गहरी व्याकुलता व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के साथ अपनी पूरी सहानुभूति जताई है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री महेश बंसल, सपा नेत्री दीप्ति पाल, सपा नेता सत्येंद्र पाल, पवन पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा डॉ इसरार अल्वी, समाजवादी छात्र सभा महानगर अध्यक्ष नदीम मलिक, अनेश निर्वाल, हुसैन राणा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।















