भारत में,समाज के लिए क्या सरकार आपकी जमीन ले सकती है? समझिए पूरा विवाद जिस पर 9 जजों की बेंच सुनाने वाली है फैसला जमीन अधिग्रहण का मुद्दा एक संवेदनशील और जटिल विषय है, जिसमें सरकार की भूमि का उपयोग और व्यक्तिगत अधिकारों का संतुलन शामिल है। हाल ही में, एक संवैधानिक बेंच, जिसमें 9 जज शामिल हैं, इस विषय पर सुनवाई करने जा रही है।इस विवाद का मुख्य बिंदु यह है कि क्या सरकार समाज के लाभ के लिए किसी व्यक्ति की जमीन ले सकती है। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 300A के तहत, किसी भी व्यक्ति को उसकी संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता, सिवाय इसके कि कानून द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए। हालांकि, सरकार का तर्क है कि यदि भूमि का अधिग्रहण समाज के व्यापक हित में किया जाता है, तो यह उचित है।
इस मामले में, विभिन्न प्रकार के कानूनी मुद्दे उठाए गए हैं, जैसे कि अधिग्रहण की प्रक्रिया, मुआवजे का निर्धारण, और सरकार के पास इस अधिकार का उपयोग करने की वैधता। जजों की बेंच की सुनवाई का निर्णय इस बात पर भी प्रभाव डालेगा कि भूमि अधिग्रहण के संबंध में भविष्य में क्या नीतियाँ बनेंगी और इस पर नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी।सुनवाई के परिणाम से यह स्पष्ट होगा कि सरकार किस हद तक व्यक्तिगत संपत्ति के अधिकारों का सम्मान करती है और समाज के लाभ के नाम पर भूमि अधिग्रहण के नियम कैसे लागू होंगे। इस मुद्दे पर जनसाधारण की निगाहें टिकी हैं, और इसके निर्णय का व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।इस सुनवाई में 1957 से 2006 के बीच भूमि अधिग्रहण के मामलों पर फैसले होंगे, जिसमें सही मुआवजे और प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की बात की गई है। अदालत ने यह भी कहा है कि भूमि मालिकों को उनके अधिकार मिलेंगे, भले ही कुछ मामलों में प्रक्रिया लम्बित रही हो.
हालिया विवाद सुप्रीम कोर्ट कैसे पहुंचा
सुप्रीम कोर्ट के सामने ये मामला महाराष्ट्र सरकार के 1976 के एक कानून और उसमें हुए संशोधन को लेकर पहुंचा.
1976 में महाराष्ट्र की सरकार एक कानून लेकर आई. नाम था – Maharashtra Housing and Area Development Act (MHADA) यानी महाराष्ट्र आवास और क्षेत्र विकास कानून. इसके मातहत शहर की पुरानी और खस्ताहाल इमारतों से जुड़ी एक समस्या को खत्म करने का ख्वाब देखा गया.प्रावधान नए कानून में यह किया गया कि वे इमारतें जो अब समय के साथ असुरक्षित होती जा रही हैं, लेकिन फिर भी वहां कुछ गरीब परिवार किरायेदार के तौर पर रह रहे हैं, उन्हें मुंबई बिल्डिंग रिपेयर एंड रिकंस्ट्रक्शन बोर्ड को एक सेस (एक तरह का टैक्स) देना होगा, जिससे इमारतों का मरम्मत और जीर्णोद्धार हो सके.
यहां तक कोई दिक्कत नहीं थी. दिक्कत हुई साल 1986 में. इस साल महाराष्ट्र सरकार ने अनुच्छेद 39बी का इस्तेमाल करते हुए कानून में दो संशोधन किया. इनमें से एक का मकसद जरुरतमंद लोगों को उन जमीनों और इमारतों का अधिग्रहण कर दे देना था, जहां वे रह रहे हैं.दूसरा संशोधन यह हुआ कि राज्य सरकार उन इमारतों और जमीन का अधिग्रहण कर सकती है जिन पर पिछले कानून के बाद ही से सेस (कर) लगाया जा रहा है. भरसक कि वहां रह रहे 70 फीसदी लोग सरकार से अधिग्रहण का अनुरोध करें.नतीजतन, मुंबई में इन संपत्तियों के मालिकों ने 1976 के कानून में हुए संशोधन को चुनौती दी. मुंबई के प्रॉपर्टी ऑनर्स एसोसिएशन ने संशोधन को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी.
इनका दावा था कि महाराष्ट्र सरकार का संशोधन संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत प्रॉपर्टी ऑनर्स यानी जिनकी वह संपत्ति है, उनके समानता के अधिकार का उल्लंघन करती है. हालांकि, बॉम्बे हाईकोर्ट ने माना था कि समानता के अधिकार का हवाला देते हुए अनुच्छेद 39 बी के तहत बनाए गए कानून को चुनौती नहीं दी जा सकती.आखिरकार, दिसंबर 1992 में प्रॉपर्टी ऑनर्स एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट का रूख किया और हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील की. सुप्रीम कोर्ट में मूल सवाल यह बन गया कि संविधान के अनुच्छेद 39बी के तहत निजी स्वामित्त्व वाले संसाधन या यूं कहें कि निजी संपत्ति को समुदाय का संसाधन माना जा सकता है या नहीं?
2001 में सुप्रीम कोर्ट के 5 जजों की पीठ ने सुनवाई की और इसे एक बड़ी बेंच के सामने भेज दिया क्योंकि संजीव कोक वाले 1983 के फैसले में पांच जजों की बेंच इस लिहाज से पहले ही एक फैसला कर चुकी थी. 7 जजों की बेंच ने भी अगले साल सुनवाई किया मगर वह भी इसे नियत मकाम पर नहीं पहुंचा सकी, मामला 9 जजों को भेज दिया गया.आखिरकार, 9 जजों की संविधान पीठ जिसमें चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस हृषिकेश रॉय, जस्टिस बी.वी. नागरत्ना, जस्टिस सुधांशु धूलिया, जस्टिस जे.बी. पारदीवाला, जस्टिस मनोज मिश्रा, जस्टिस राजेश बिंदल, जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह ने 23 अप्रैल से इस मामले को विस्तार से सुना.
1 मई को 5 दिन की सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया. अब सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले से यह साफ हो जाएगा कि प्राइवेट प्रॉपर्टी पर किसी समुदाय या संगठन का हक बनता है या नहीं? ये फैसला एक तरह से सामाजिक न्याय की लड़ाई को एक नया मोड़ देने वाला होगा.















