मुजफ्फरनगर। शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने लगभग 80 करोड़ रुपये की भव्य नगरीय विकास योजना को धरातल पर लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को टाउनहाल स्थित सभागार में हुई नगर पालिका बोर्ड की बैठक में 128 प्रस्तावों वाला बड़ा एजेंडा सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस बैठक में सड़कों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में लाइट खरीद, आवारा पशु नियंत्रण और कंपनी बाग के पेड़ कटान जैसे मुद्दों पर चर्चा के बीच यह विकास एजेंडा सहमति से पारित हुआ।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि इस योजना के तहत शहर के 55 वार्डों में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे, जबकि शेष 30 करोड़ रुपये पेयजल आपूर्ति सुधार, पथ प्रकाश व्यवस्था, कर्मचारियों के हितों और अन्य कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से अटकी लाइट खरीद प्रक्रिया को अब मंजूरी मिल गई है। इसके तहत शहर की प्रमुख सड़कों पर हाईमास्ट और फैंसी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। एटूजेड चौराहा, नई मंडी चौराहा, सुरेंद्र नगर कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर 16 मीटर ऊंचे हाईमास्ट लाइट लगाए जाएंगे, जबकि नई मंडी, गांधी कॉलोनी, पटेलनगर, गांधीनगर, प्रेमपुरी, ईदगाह और सदर बाजार जैसे इलाकों में 72 से 84 वॉट की सिंगल हैंड एलईडी फैंसी लाइटें लगेंगी। इसके साथ ही 45 और 75 वॉट की लगभग 3000 नई स्ट्रीट लाइटें खरीदी जाएंगी।
नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार के बाद कार्य विभाजन में सुधार के लिए बोर्ड ने वार्डों को 8 हल्कों से बढ़ाकर 12 हल्कों में विभाजित करने का प्रस्ताव भी पारित किया। इससे कर्मचारियों पर कार्यभार कम होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। अचल संपत्ति नामांतरण के लंबित 650 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिशासी अधिकारी को अधिकार देने का निर्णय भी लिया गया।
पालिका की इस महत्वाकांक्षी योजना में लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से 250 नई सीसी सड़कों का निर्माण शामिल है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के नाम पर नया चौराहा बनाकर उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी, वहीं जिला अस्पताल में वीतराग स्वामी कल्याण देव की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पेयजल व्यवस्था के सुधार के लिए तीन नए नलकूप, चार स्थानों पर 10 एचपी के छोटे नलकूप और तीन हजार मीटर लंबी नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। भोपा रोड पर जीवन प्रकाश हॉस्पिटल से विश्वकर्मा चौक तक 1.97 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, कलेक्ट्रेट पार्किंग स्थल पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी और सरकुलर रोड का निर्माण तीन हिस्सों में किया जाएगा। भगीरथी चौक से एटूजेड चौराहे तक, और वहां से रेलवे क्रॉसिंग तक के हिस्सों में लगभग चार करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि नाला की दीवार बढ़ाने के लिए 12.80 करोड़ रुपये का व्यय किया जाएगा। जिला अस्पताल के पास बंद पड़े कूड़ा डलावघर पर 9.58 लाख रुपये की लागत से वेंडिंग जोन तैयार होगा, वहीं डीएम आवास के सामने सौंदर्यीकरण और लाइटिंग का कार्य भी किया जाएगा।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आने वाले महीनों में शहरवासियों को विकास कार्यों के रूप में बड़े बदलाव दिखाई देंगे। यह योजना शहर की वर्तमान आवश्यकताओं के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। पालिका प्रशासन ने इस एजेंडे को धरातल पर उतारने के लिए कार्य शुरू कर दिया है ताकि मुजफ्फरनगर शहर रोशन और आधुनिक बन सके।
















