सिरोही जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार पंचायत समिति पिंडवाड़ा परिसर में दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत राज विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। शिविर नोडल अधिकारी एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक श्री राजेंद्र कुमार पुरोहित ने बताया कि शिविर में 304 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 296 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र जारी किए गए।
सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने जानकारी दी कि जारी किए गए प्रमाण पत्रों में 223 लोकोमोटर, 45 नेत्र रोग, 22 मनोरोग तथा 6 नाक, कान व गला संबंधी दिव्यांगता के प्रमाण पत्र शामिल थे। इसके अलावा, 8 लोगों को उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किया गया और 51 दिव्यांग उपकरण चिन्हित किए गए। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हनुमंत सिंह राणावत, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश चौधरी, नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. बलदेव सिंह तथा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र बसेरा ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों के लिए 15 राजस्थान रोडवेज बस कार्ड भी बनाए गए। सीएमएचओ डॉ. खराड़ी ने बताया कि आगामी प्रमाणीकरण शिविर 28 फरवरी को पंचायत समिति रेवदर, 4 मार्च को पंचायत समिति आबूरोड और 11 मार्च को पंचायत समिति शिवगंज में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में भाग लेने के लिए दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो और यदि पूर्व में जारी हुआ हो तो ऑफलाइन दिव्यांग प्रमाण पत्र साथ लाना आवश्यक होगा।















