22 नवंबर को मुजफ्फरनगर में होगी हवाई हमले की मॉकड्रिल, सायरन बजते ही होगा ब्लैकआउट.

मुजफ्फरनगर। हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 22 नवंबर को शाम छह बजे जनपद में द्वितीय मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। पुलिस लाइन परिसर में होने वाली इस मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने, आग बुझाने और घायलों को बचाने का अभ्यास किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा नागरिक सुरक्षा के नोडल अधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। इसमें पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, आपूर्ति विभाग, होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस तथा आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें हिस्सा लेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी जाएगी। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट कराया जाएगा और लोगों को सुरक्षित स्थानों तथा शेल्टरों में पहुंचने का अभ्यास कराया जाएगा। खतरा समाप्त होने पर दो मिनट तक ऊंची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू होंगे। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक अग्निशमन उपकरणों से छोटी आग बुझाने का अभ्यास करेंगे, जबकि बड़ी आग पर अग्निशमन विभाग की टीम फायर टेंडर से काबू पाने की कार्रवाई करेगी। मॉकड्रिल में मलबे और क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों और आपसी समन्वय को परखना है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, बिजली विभाग के एक्सईएन सागरमल, सीवीओ डॉ. जितेंद्र गुप्ता, खंड विकास अधिकारी ओमकार सिंह, अरविंद त्यागी, जल निगम के जेई शमीम अहमद, बेसिक शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि अमरेश, नगरपालिका के एई नेपाल सिंह, डीपीओ सुशील कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. महक सिंह, पीडब्ल्यूडी के एई डीके तोमर, एडीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार, डीएसओ प्रतिनिधि विकास सिंह, सीएफओ अनुराग कुमार, नागरिक सुरक्षा सहायक नासिर हुसैन और कंप्यूटर ऑपरेटर प्रवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts