चित्तौड़गढ़ जिले में आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता के लिए 112 डायल सेवा को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। इसके तहत पुलिस मुख्यालय से आवंटित अत्याधुनिक फर्स्ट रेस्पॉन्स व्हीकल को बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अब जिले के नौ थानों में ये विशेष संसाधनों से युक्त वाहन तैनात रहेंगे, जो संकट की स्थिति में पीड़ित तक जल्द से जल्द पहुंचेंगे।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि राजस्थान पुलिस द्वारा बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और आपातकालीन सहायता को सुलभ बनाने के लिए यह नई पहल की गई है। 112 नंबर डायल करते ही अत्याधुनिक संसाधनों से लैस फर्स्ट रेस्पॉन्स व्हीकल तुरंत घटना स्थल पर पहुंचेगा और पीड़ित को राहत प्रदान करेगा। इस सेवा से नागरिकों को संकट की घड़ी में त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता मिल सकेगी।















