मुजफ्फरनगर। तहसील सदर सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम में जल निगम, बेसिक शिक्षा, विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क एवं पुलिस प्रशासन सहित अन्य विभागों से जुड़ी कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से जानकारी दी जाए ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट है। साथ ही मौके के फोटोग्राफ भी उपलब्ध कराए जाएं ताकि निस्तारण प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अभिनव राज, तहसीलदार राधेश्याम गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















