मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर चोर के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त इमरान उर्फ केला घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की चोरी की गई जस्ते की प्लेटें, एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के निकट पर्यवेक्षण में शाहपुर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग स्थित बसधाड़ा पुलिया के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह वाहन मोड़कर रजवाहा पटरी की ओर तेजी से भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद अभियुक्त ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान इमरान उर्फ केला पुत्र सलाउद्दीन निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच जस्ते की प्लेटें बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इमरान उर्फ केला शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह शाहपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में भी वांछित चल रहा था। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा बरामद सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है।























































