मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, बचाव के उपायों तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल यातायात मंटी कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों और उनके गंभीर परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने भारत सरकार की राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना के बारे में बताते हुए कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। उप निरीक्षक यातायात पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि तेज गति, नशे में वाहन चलाना, गलत दिशा में ड्राइविंग, नींद और थकान के बावजूद वाहन चलाना तथा मोबाइल फोन का इस्तेमाल सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन सवारों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्कता, एकाग्रता और सही रास्ते के तीन महत्वपूर्ण मंत्र भी बताए।
साथ ही यातायात संकेतों, निर्धारित गति सीमा, जेब्रा क्रॉसिंग और आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे यानी गोल्डन ऑवर में घायल को चिकित्सा सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों से संबंधित प्रश्न पूछे। प्रश्नोत्तरी में नैतिक, निवेदी और वंशिका सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। इसलिए हमेशा याद रखें कि घर पर कोई हमारा इंतजार कर रहा है।















