मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में शारदीय नवरात्रों के पावन अवसर पर ‘डांडिया फिएस्टा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पारंपरिक डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और उत्सव की उमंग को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज, जड़ौदा की प्रधानाचार्य सुचित्रा सैनी, विद्यालय की प्रबंधक रीटा दहिया, प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया एवं जोली शर्मा ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नवरात्रों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ‘चोगाड़ा तारा’, ‘छम्मा छम्मा नाचे आज ढोल बाजे’ और ‘नगाड़ा संग ढोल बाजे’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार डांडिया नृत्य प्रस्तुत किए। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक नृत्य मुद्राओं और बेहतरीन तालमेल से सजी प्रस्तुतियों ने अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। छात्राओं के उत्साह, आत्मविश्वास और सामूहिक प्रदर्शन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के कोरियोग्राफर विशाल गौतम एवं अनिकेत का विशेष योगदान रहा। उन्होंने छात्राओं को निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के माध्यम से तैयार किया। मुख्य अतिथि सुचित्रा सैनी ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। प्रबंधक रीटा दहिया एवं प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के माहौल में हुआ।















