मुजफ्फरनगर। जनपद की प्रतिभाएं अपनी मेहनत, लगन और काबिलियत के दम पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में सूजडू के गांव खालसा पट्टी निवासी कामरान अहमद पुत्र आफताब राणा एडवोकेट ने शानदार शैक्षणिक उपलब्धि हासिल कर मुजफ्फरनगर का नाम रोशन किया है। जी माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर के मेधावी छात्र कामरान अहमद ने सीबीएसई 2026 बोर्ड फेज-2 परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर तीसरी रैंक प्राप्त की, जबकि जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें लैपटॉप देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कामरान अहमद, मरहूम जमील अहमद प्रधान के पौत्र हैं। उनकी इस सफलता को परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कामरान की उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर तीसरी रैंक हासिल कर उन्होंने साबित किया कि निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी भी मौजूद रहे।कामरान अहमद की सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से खालसा पट्टी गांव और मुजफ्फरनगर जनपद का गौरव बढ़ा है। उम्मीद है कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।















