दीप प्रज्ज्वलन के साथ शक्ति क्लब की रामलीला में हुआ लीलाओं का मंचन.

मुजफ्फरनगर। शक्ति क्लब रजिस्टर्ड द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव में  भरत मिलाप, सूर्पणखा-लक्ष्मण संवाद, खर-दूषण वध और सीता हरण की लीलाओं का सुंदर मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, विवेक सिंघल ने सपरिवार, कमल शर्मा और राहुल अरोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना, रामायण वंदना और सियाराम वंदना प्रस्तुत की गई।

लीला में दिखाया गया कि भगवान राम ने भरत को अपनी चरण पादुकाएं सौंपीं। भरत उन्हें सिर पर रखकर अयोध्या लौट गए। इसके बाद भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ पंचवटी में निवास करने लगे। इसी दौरान रावण की बहन सूर्पणखा राम और लक्ष्मण के मोहक रूप को देखकर उनसे विवाह करने का दबाव बनाने लगी। दोनों के मना करने पर उसने अपना विकराल रूप धारण कर माता सीता पर हमला करने का प्रयास किया। इस पर लक्ष्मण ने भगवान राम की आज्ञा से उसकी नाक काट दी। अपमानित सूर्पणखा अपने भाइयों खर और दूषण के पास पहुंची। दोनों राम-लक्ष्मण से युद्ध करने आए, लेकिन भगवान राम ने उनका वध कर दिया। इसके बाद सीता हरण के प्रसंग ने दर्शकों को कथा के अगले घटनाक्रम से परिचित कराया।

राम की भूमिका सौरभ, लक्ष्मण की वैभव, सीता की इसम, भरत की शुभम अरोरा, शत्रुघ्न की शिवा पाल, सूर्पणखा की उज्ज्वल शर्मा, खर की वंश कश्यप और दूषण की शिवा शर्मा ने निभाई। कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम की व्यवस्था में क्लब अध्यक्ष पवन पाल, सचिव संजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष सरदार राजिंदर सिंह एडवोकेट, मीडिया प्रभारी नवनीत कौशिक, संयोजक नीरज शर्मा, सतेंद्र पंवार, अमरीश त्यागी सहित पदाधिकारियों और सदस्यों का सहयोग रहा। लीला का निर्देशन प्रणव शर्मा, नवनीत वर्मा और अमरेश पांडे ने गुरु विजेंद्र के मार्गदर्शन में किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts