पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 2010 में प्रधानमंत्री बनने की अपनी दबी हुई महत्वाकांक्षा का संकेत दिया था।समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि प्रणब दा ने बातचीत के दौरान सुझाव देकर उन्हें चौंका दिया था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में उन्होंने यूपीए सरकार के दौरान खुद पर लगे बैक सीट ड्राइवर के आरोपों को भी पूरी तरह खारिज किया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि मनमोहन सिंह ही देश के प्रधानमंत्री थे और पार्टी अध्यक्ष होने के नाते वह उन्हें सलाह दे सकती थीं या मतभेद रख सकती थीं, लेकिन अंतिम निर्णय का सम्मान करना उनका कर्तव्य था।
प्रणब मुखर्जी का शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का सुझाव
किताब में सोनिया गांधी लिखती हैं कि यूपीए सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए एक कोर ग्रुप हर हफ्ते प्रधानमंत्री के साथ बैठक करता था।इसमें प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, ए.के. एंटनी और अहमद पटेल शामिल थे। इसके अलावा संसद की रणनीति तय करने वाली बैठकों के बाद भी कभी-कभार प्रणब मुखर्जी उनसे बातचीत के लिए रुक जाया करते थे।सोनिया गांधी याद करती हैं कि तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ प्रणब मुखर्जी के गंभीर मतभेद पैदा हो गए थे। इसी दौरान 2010 में एक बार अपनी नाराजगी और हताशा व्यक्त करते हुए उन्होंने अचानक यह सुझाव दिया कि शायद अब शीर्ष पर बदलाव का समय है।सोनिया गांधी लिखती हैं कि वह इस सुझाव से हैरान रह गई थीं और उन्होंने तुरंत समझ लिया कि यह प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी चाहत का संकेत था।सोनिया ने लिखा कि मैंने बहुत शालीनता से बात का रुख मोड़ दिया। प्रणब जी शायद निराश हुए होंगे, लेकिन उन्होंने कभी इसका बुरा मानकर मेरे प्रति कोई कड़वाहट नहीं दिखाई। बाद में 2012 में कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और वे देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुए।
सरकार और संगठन के बीच अधिकारों का स्पष्ट विभाजन
सोनिया गांधी ने लिखा कि उनके और डॉ. मनमोहन सिंह के बीच जिम्मेदारियों का एक अलिखित लेकिन स्पष्ट बंटवारा था, जिसने 10 साल तक बेहतरीन काम किया कि सरकार का नेतृत्व डॉ. मनमोहन सिंह के पास था और संगठन की कमान मेरे पास।उन्होंने कहा कि वह हर हाल में इस बात को लेकर सतर्क थीं कि पार्टी और सरकार के बीच किसी भी गलतफहमी की गुंजाइश न बने, जिससे विपक्ष को जश्न मनाने या सरकार को कमजोर करने का कोई मौका मिले।
बैक सीट ड्राइवर और पीएमओ की फाइलों के आरोपों पर दो टूक
सोनिया गांधी ने यूपीए शासन के दौरान लगाए गए उन आरोपों को सिरे से खारिज किया, जिनमें कहा जाता था कि वह सरकार के कामकाज में दखल देती थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के पूर्व सहयोगी संजय बारू द्वारा लिखी गई किताब में किए गए दावों को दुर्भावनापूर्ण और पूरी तरह झूठा करार दिया।उन्होंने लिखा कि विपक्ष द्वारा यह मनगढ़ंत आरोप फैलाया गया कि मैं पीएमओ से फाइलें मंगाती थी, प्रशासनिक मामलों में दखल देती थी और प्रमुख नियुक्तियां तय करती थी।जीवन में मैंने कई कड़े आरोप झेले हैं, लेकिन इस झूठे दावे ने मुझे सबसे ज्यादा आहत किया कि मैं सरकारी फाइलें देखती थी, जो कि सरकार से बाहर के किसी भी व्यक्ति के लिए बिल्कुल अनुचित होता।
सोनिया ने बताया कि तब पीएमओ ने भी आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया था कि सोनिया गांधी को कभी कोई सरकारी फाइल नहीं दिखाई गई।उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह की बेटी उपिंदर सिंह के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने उस किताब को पीठ में छुरा घोंपना और विश्वासघात बताया था।सोनिया गांधी ने दोहराया कि उनका और डॉ. मनमोहन सिंह का संबंध हमेशा आपसी विश्वास और गहरे सम्मान पर आधारित रहा।















