शामली। शामली के कांधला थाना क्षेत्र के एलम कस्बे में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सात साल पुराने प्रेम संबंध को शादी में बदलने के लिए देहरादून निवासी एक युवती अपने परिजनों के साथ प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। प्रेमिका के इस अनोखे कदम से युवक के घर में हड़कंप मच गया। युवती के साथ उसकी मां, बहन समेत कुल नौ परिजन मौजूद थे। सभी के हाथों में एक बैनर था, जिस पर लिखा था, ‘दुल्हन लेकर आई बारात’। अचानक प्रेमिका को बारात लेकर घर पहुंचा देखकर युवक के परिजन हैरान रह गए। वहीं, इस अनोखी बारात को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी युवती बीएससी की छात्रा है, जबकि एलम निवासी युवक मर्चेंट नेवी में तैनात है। युवती का दावा है कि दोनों के बीच पिछले करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर भी कई बार बातचीत हुई थी। युवती के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि उसके प्रेमी की शादी कहीं दूसरी जगह तय कर दी गई है और दो दिन बाद उसकी शादी होने वाली है।
यह खबर मिलते ही युवती ने अपने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने अपनी मां, बहन और अन्य परिजनों के साथ प्रेमी के घर पहुंचने का फैसला किया। नौ परिजनों के साथ बैनर लेकर पहुंची युवती ने अपने इस कदम से सभी को चौंका दिया। प्रेमिका का कहना है कि वह सात साल से चले आ रहे रिश्ते को शादी में बदलना चाहती है।
उधर, मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि कांधला थाना क्षेत्र के एलम से घटना की सूचना मिली है। पुलिस को मौके पर भेजा गया है। दोनों पक्षों की बात सुनकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।















