मुजफ्फरनगर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर की प्रेरणा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह एवं साइबर कमांडो उपनिरीक्षक सचिन धामा ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। विशेषज्ञों ने बताया कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल बढ़ने के साथ साइबर ठगी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदेश, लिंक और आकर्षक ऑफर के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। कार्यशाला में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी निवेश और ऑनलाइन नौकरी के नाम पर होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया खातों पर मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग का इस्तेमाल करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
साइबर बुलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के तरीके भी बताए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यशाला का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनपद के 200 से अधिक विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देखा। इस अभियान के माध्यम से 70 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हुए। मुजफ्फरनगर पुलिस ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस दौरान कॉलेज के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।















