मुजफ्फरनगर। जानसठ तहसील सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, चकबंदी, श्रम विभाग, भूमि विवाद, नगर पंचायत, राजस्व, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी स्वयं शिकायतों की जांच करते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनका समय से समाधान किया जाए। कोई भी शिकायत डिफाल्टर श्रेणी में नहीं जानी चाहिए। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जांच करने, शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने तथा मौके की फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत चल रही स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना करने और अपने परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को स्वगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रश्मि लांबा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार मोनिका चौहान, उपनिदेशक कृषि प्रमोद सिरोही, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















