शामली। जिले में निजी अस्पतालों में मरीजों के इलाज और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। झिंझाना रोड स्थित एक निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में महिला का ऑपरेशन करते दो युवकों का एक मिनट से अधिक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आरोप है कि दोनों युवकों के पास सर्जरी करने से संबंधित कोई मान्यता प्राप्त डिग्री या आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता नहीं है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर सील कर जांच शुरू करा दी है।
वायरल वीडियो में ऑपरेशन थिएटर के अंदर दो युवक एक महिला मरीज का ऑपरेशन करते दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों युवकों की पहचान बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव निवासी जॉनी और हरियाणा के करनाल निवासी सोनू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों की शैक्षिक योग्यता केवल 12वीं पास है। हालांकि, उनकी वास्तविक शैक्षिक योग्यता और ऑपरेशन करने की वैधता की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि दोनों युवक शामली के करीब आधा दर्जन निजी अस्पतालों में जाकर ऑपरेशन करते हैं। यदि यह आरोप सही साबित होता है तो स्वास्थ्य विभाग की जांच का दायरा अन्य अस्पतालों तक भी बढ़ सकता है। इससे निजी अस्पतालों में चिकित्सकों की नियुक्ति, उनकी डिग्री, पंजीकरण और विशेषज्ञता की जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना ने बताया कि संबंधित अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर सील कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















