शामली। जनपद में गन्ना ढुलाई के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। शुक्रवार को चलाए गए विशेष जांच अभियान में बिना परमिट, अधूरे कागजात और ओवरलोडिंग कर गन्ना ढो रहे 12 ट्रकों को जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों ने सभी वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर निरुद्ध कराया है। इस कार्रवाई से गन्ना ढुलाई में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को जिलाधिकारी के मौखिक निर्देशों के क्रम में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई ट्रक निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। कुछ वाहन बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे थे, जबकि कई के पास जरूरी दस्तावेज अधूरे मिले। इसके अलावा कुछ ट्रकों में निर्धारित क्षमता से अधिक गन्ना लदा हुआ था। अधिकारियों ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कार्रवाई की और कुल 12 ट्रकों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों को चौकी ऊन, अहमदगढ़ और सीएल यार्ड में खड़ा कराया गया है।
एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों की जांच की गई थी। अभियान के दौरान बिना परमिट, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव और ओवरलोडिंग के मामलों में 12 ट्रकों को निरुद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ओवरलोड वाहन सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं और इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे वैध परमिट और सभी जरूरी कागजात साथ रखें तथा निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल ढुलाई करें।














