बांदा। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान एवं सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के तत्वावधान में बांदा में एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। 26 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय कथावाचक इंद्रेश जी महाराज के श्रीमुख से श्री भक्त चरित्र कथा का पांच दिवसीय दिव्य आयोजन होगा। इसको लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। आयोजन समिति ने बताया कि पांच दिवसीय कथा का आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड, बांदा में किया जाएगा। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने के लिए सुव्यवस्थित एवं भव्य व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही कथा के पांचों दिन श्रद्धालुओं के लिए अनवरत भण्डारे का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि कोई भी श्रद्धालु भूखा न जाए। इस विशाल धार्मिक आयोजन के शुभारंभ से पूर्व 25 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा अलीगंज स्थित रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर गूलर नाका, महेश्वरी देवी, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड एवं नया पुल होते हुए महाराणा प्रताप चौक से पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर संपन्न होगी। कलश यात्रा में जनपद के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की अपेक्षा है। यात्रा में मातृशक्ति पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखकर शामिल होंगी। इसके साथ ही आकर्षक एवं अलौकिक धार्मिक झांकियां भी यात्रा का विशेष आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा ये कथा सिर्फ आयोजन नहीं है, ये बांदा का सौभाग्य है। इंद्रेश जी महाराज के श्रीमुख से भक्ति, ज्ञान और अध्यात्म की अमृतवाणी सुनने का अवसर हम सबको मिल रहा है।समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से आह्वान करता हूं कि इस आयोजन को अपना आयोजन और अपनी कथा मानकर तन-मन से सहयोग करें। आयोजन समिति ने जनपद के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों एवं कृष्ण भक्तों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कलश यात्रा एवं पांच दिवसीय कथा में सहभागिता कर इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान अशोक त्रिपाठी जीतू, राजकुमार शिवहरे, जगराम सिंह चौहान, मालती गुप्ता बासू, राजेश द्विवेदी, संतोष गुप्ता, प्रकाश चंद्र त्रिपाठी, बी.एम. कुशवाहा, वंदना गुप्ता, लल्ला बाजपेयी, रजत सेठ विधायक प्रतिनिधि, राजोल मिश्रा, राजकुमार राज, रामपाल प्रजापति, रामबहोरी शिवहरे, अंकित बासू, संतोष नायक, मदन तिवारी, संजय गुप्ता, चारूचंद्र खरे, कमलेश गुप्ता, राकेश बाजपेयी, अवधेश कपूर, आर.पी. तिवारी, संजय ककोनिया, प्रशांत शर्मा, श्याम निगम, श्याम सिंह, भुवनेन्द्र रावत, मनोज निगम लाला, पंकज रावत, अमित गुप्ता, विनय गुप्ता, पुष्कर द्विवेदी, राहुल सिंह, अनिरुद्ध त्रिपाठी दद्दा, सुरेश कान्हा सहित आयोजन समिति के समस्त सदस्यगण उपस्थित रहे।















