बांदा। तहसील नरैनी में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान डीएम एसपी ने एक साथ बैठकर जनसामान्य की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य रूप से भूमि विवाद, चकबंदी, पुलिस, कृषि, खाद एवं सहकारिता, विद्युत, बेसिक शिक्षा, छात्रवृत्ति, समाज कल्याण, जिला विद्यालय निरीक्षक, केन कैनाल एवं सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। डीएम एसपी ने एक-एक फरियादी को बुलाकर उसकी समस्या सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएम अमित आसेरी ने सभी अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा सम्पूर्ण समाधान दिवस सिर्फ फॉर्म भरने का दिन नहीं है, ये जनता का भरोसा है। शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण हो, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जनपद के समस्त विद्यालयों में अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे। साथ ही छात्रवृत्ति के लंबित आवेदनों को शीघ्र अग्रसारित करने के निर्देश दिए, जिससे पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि थाने से कोई भी फरियादी निराश होकर वापस न जाए, ये मेरी जिम्मेदारी है। भूमि विवाद में पुलिस और राजस्व विभाग मिलकर काम करें। जहां दबंगई और कब्जे की शिकायत है, वहां तुरंत कार्रवाई होगी, किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए 24 घंटे खड़ी है।सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मदन मोहन वर्मा, उप जिलाधिकारी नरैनी नवीन प्रसाद सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















