श्रीनगर समेत कई इलाकों में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड.

अक्टूबर का महीना शुरू हो गया है, ऐसे में कश्मीर घाटी में मौसम में बदलाव और सर्दी दस्तक देने लगती है, लेकिन इस बार घाटी में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है. घाटी में अक्टूबर के महीने में इस बार असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है. रविवार (4 अक्टूबर) को कश्मीर के कई मौसम केंद्रों ने अक्टूबर महीने में अब तक का सबसे ज़्यादा या उसके आस-पास का तापमान दर्ज किया.असामान्य गर्मी के कारण तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर चला गया.श्रीनगर, काजीगुंड, गुलमर्ग और कोकरनाग में अधिकतम तापमान ने अक्टूबर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा या उसके बेहद करीब पहुंच गया. मौसम के इस असामान्य रुख ने लोगों को हैरान कर दिया है, क्योंकि इस समय आमतौर पर घाटी में तापमान लगातार गिरने लगता है.

श्रीनगर में अधिकतम तापमान

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो अक्टूबर में अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है.यह तापमान 2 अक्टूबर, 2008 को दर्ज किए गए 31.1 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड से ज़्यादा . श्रीनगर में अक्टूबर का अब तक का सबसे ज़्यादा तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस है, जो 2 अक्टूबर, 1931 को दर्ज किया गया था.

काज़ीगुंड में भी टूटा रिकॉर्ड

वहीं काज़ीगुंड में अधिकतम तापमान बढ़कर 31.4 डिग्री सेल्सियस हो गया, जिससे 1 अक्टूबर, 1985 को बने 31.2 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया गया. यह तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री ज़्यादा था.

पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी नया रिकॉर्ड

पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया. यहां अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो एक दिन पहले दर्ज किए गए 23 डिग्री के पिछले रिकॉर्ड से ज्यादा है. हालांकि अक्टूबर का सर्वाधिक तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस है, जो 1 अक्टूबर 2009 को दर्ज हुआ था. गुलमर्ग का तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री ज्यादा रहा, जिससे रविवार इस रिसॉर्ट में अक्टूबर का दूसरा सबसे गर्म दिन बन गया.

कोकेरनाग का तापमान

इस बीच, कोकेरनाग में भी अक्टूबर का नया रिकॉर्ड बना, जहां अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस तक पहंच गया. इसने 4 अक्टूबर, 2008 को दर्ज किए गए 29.2 डिग्री सेल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. यह तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री ज्यादा था.

गर्मी का प्रभाव असामान्य रूप से तेज

स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञ फैजान आरिफ ने घाटी में दर्ज तापमान को अक्टूबर के लिहाज से असाधारण बताया. उन्होंने कहा कि काजीगुंड और कोकरनाग में अक्टूबर के रिकॉर्ड टूटना इस बात का संकेत है कि पूरे कश्मीर में गर्मी का प्रभाव असामान्य रूप से तेज है. यह असामान्य गर्मी ऐसे समय में पड़ी है जब आम तौर पर पतझड़ के मौसम में कश्मीर में तापमान धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद की जाती है.

कश्मीर में अक्टूबर का मौसम

कश्मीर में अक्टूबर के दौरान आमतौर पर मौसम ठंडा होने लगता है, लेकिन इस बार घाटी में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है. कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. आमतौर पर अक्टूबर में कश्मीर में तापमान लगातार गिरने लगता है और ठंड बढ़ने लगती है. लेकिन इस समय घाटी और ऊंचाई वाले इलाकों में भी सामान्य से कहीं अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts