शिवा कारपोरेशन के खण्ड-3 पर कार्यवाही की मांग.

बांदा। दिन में पट्टे के नाम पर खनन और देर शाम होते ही नदी की जलधारा में पोकलैंड उतारकर डाका डालने का आरोप चरखा खादर खण्ड संख्या-3 पर लगा है खदान संचालक का यही काला सच अब सामने आ रहा है। पट्टा भले ही शिवा कारपोरेशन इंडिया लिमिटेड के नाम पर हो, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि देर शाम होते ही यहां एनजीटी के नियमों को ताक पर रखकर पोकलैंड मशीनों से सीधे नदी की जलधारा से बालू निकाली जाती है। जो पूरी तरह अवैध है। एनजीटी के नियम साफ हैं नदी की जलधारा से मशीनों से खनन नहीं किया जा सकता। जलधारा को छेड़ना, उसका बहाव रोकना और नदी के पेट से पोकलैंड से बालू निकालना पूरी तरह प्रतिबंधित है। लेकिन चरखा में आरोप है कि नियम सिर्फ कागजों में हैं, जमीन पर पोकलैंड का पंजा कार्य कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सिंगवां डेरा व अरवारी में दिन-रात ओवरलोड ट्रक दौड़ते हैं। सड़क पर धूल का इतना गुबार उठता है कि घरों में बैठना मुश्किल हो गया है। खाना हो, पानी हो, सब में धूल मिल जाती है। बुजुर्गों को सांस और दमा की बीमारी हो रही है, बच्चों को खांसी-जुकाम ने घेर लिया है।गांव की कच्ची-पक्की सड़क पर ट्रकों की लाइन लगी रहती है। स्कूल जाने वाले बच्चे, खेत जाने वाले किसान और बाजार जाने वाली महिलाएं हर पल हादसे के डर में जी रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां हादसे तो लगभग रोज होते हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं। ट्रकों का शोर रात में भी नहीं थमता। बच्चे पढ़ नहीं पाते, बीमार और बुजुर्ग सो नहीं पाते। पूरा गांव रात-दिन ट्रकों के हॉर्न और धूल में जीने को मजबूर है।

ट्रकों के दबाव से गांव की सड़कें टूट गई हैं, खेतों के किनारे धूल जमने से फसल खराब हो रही है। नदी में पोकलैंड चलने से जलधारा का बहाव बिगड़ गया है, जिससे किसानों को सिंचाई और मवेशियों के लिए पानी की समस्या हो रही है। सबसे बड़ी समस्या यही है कि कोई विरोध करे तो उसे धमकाया जाता है। सिंगवां डेरा निवासी प्रेम ने बताया चरखा में कई खदानें हैं, ट्रक रात-दिन चलते हैं। बीमार हो, बूढ़ा हो, बच्चा हो, बहन-बेटी हो, किसी का निकलना मुश्किल है। बोलो तो खदान वाले और ट्रक वाले मारने की धमकी देते हैं। मुझे भी धमकी दी गई है। पट्टा खण्ड-3 का है तो जलधारा में पोकलैंड क्यों। शाम के बाद मशीनों से खनन किसकी अनुमति से किया जा रहा है।एनजीटी के नियमों का उल्लंघन होने पर भी खनन विभाग क्यों चुप है। ओवरलोड ट्रकों और धमकी देने वालों पर कार्रवाई कब होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि चरखा खादर खण्ड-3 में शाम के बाद हो रहे पोकलैंड खनन की जांच हो, एनजीटी नियम उल्लंघन पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो, पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई हो, गांव की सड़क पर ओवरलोड ट्रकों पर रोक लगे, सड़क पर पानी का छिड़काव हो और धमकी देने वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। योगी सरकार अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस पर कार्यवाही के लिए जानी जाती है। अब देखना यह है कि बांदा में इस जीरो टॉलरेंस का असर दिखता है या फिर मुख्यमंत्री के आदेशों को दरकिनार कर नदी की जलधारा में पोकलैंड और गांव में धूल-धमकी का दौर यूं ही चलता रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts