बाँदा। बिसंडा थाना क्षेत्र के कोरही गांव में प्राचीन देवी मंदिर में शिवलिंग तोड़े जाने के मामले में बांदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के कुछ ही घंटे के भीतर बिसंडा पुलिस और एसओजी की टीम ने गांव के ही 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।कोरही गांव के तरौश गुरुखा में स्थित प्राचीन देवी मंदिर में 19 अक्टूबर को शिवलिंग की स्थापना की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके पहले 15 अक्टूबर की रात भी मूर्ति को तोड़कर गायब कर दिया गया था। 13 नवंबर की रात करीब 2 बजे के बाद फिर से अज्ञात लोगों ने शिवलिंग को तोड़ दिया। सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीणों ने टूटी मूर्ति देखी तो गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण अखिलेश कुमार व अन्य लोगों ने थानाध्यक्ष बिसंडा को प्रार्थना पत्र देकर सूचना दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की थी।घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। तत्समय समीचीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना के अनावरण के लिए बिसंडा पुलिस व एसओजी की टीमों का गठन किया गया।
टीम ने स्थल से भौतिक, टेक्निकल एवं फोरेंसिक साक्ष्य संकलित किए। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया जनपद के थाना बिसंडा क्षेत्र में कुछ अराजक तत्वों द्वारा एक धार्मिक स्थल को मामूली रूप से क्षतिग्रस्त करने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना का संज्ञान लेते ही उच्चाधिकारियों द्वारा मौका मुआयना किया गया। समीचीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर बिसंडा पुलिस व एसओजी की टीमों का गठन किया गया था। टीमों द्वारा घटना के कुछ घंटे के भीतर ही गांव के कुछ नवयुवकों की संलिप्तता प्रमाणित करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवकों द्वारा शराब के नशे एवं नासमझी में उक्त कृत्य कारित करना बताया गया है। गिरफ्तार युवकों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मौके पर शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से सामान्य है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूर्ण रूप से सामान्य है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।















