मुजफ्फरनगर। एसडी मार्केट में वैश्य सभा मुजफ्फरनगर की ओर से उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री महेश बंसल का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में वैश्य सभा के अध्यक्ष प्रमोद मित्तल ने महेश बंसल का स्वागत करते हुए उनका सम्मान किया। इस अवसर पर महेश बंसल ने समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन जी की आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और उनके सिद्धांतों को याद करते हुए समाज में एकता, भाईचारे और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
महेश बंसल ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन और उनके आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि उनके सिद्धांत समाज को एकजुट रहने, जरूरतमंदों की सहायता करने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से महाराजा अग्रसेन जी के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग, समरसता और भाईचारे की भावना आवश्यक है। ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाने और महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वैश्य सभा के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील तायल, महामंत्री विश्वदीप बिट्टू, कोषाध्यक्ष संजीव गोयल, योगेश भगत, तरुण मित्तल, शिवकुमार सिंघल, मित्तरसैन बिजली वाले, अशोक गर्ग, श्यामजी और सुरेश गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में एकता, सद्भाव तथा सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने पर बल दिया।















