मुजफ्फरनगर में रक्षाबंधन के अवसर पर लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का भव्य शुभारंभ किया गया। सोल्जर बोर्ड के मानेक्शा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और महिलाओं ने देखा।
मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाओं को सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं 29 अगस्त से प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को इस योजना के तहत आजीवन मुफ्त बस यात्रा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना से महिलाएं प्रदेश में कहीं भी आसानी से आवागमन कर सकेंगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक वीरपाल निर्वाल, राज्य महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर राखी गिफ्ट हैम्पर भेंट किए। उपस्थित महिलाओं को मिठाई और उपहार भी दिए गए।























































