यूपी के इस जिले में 76 साल बाद होने जा रहा है यह काम, गांव वालों ने CM योगी से की थी शिकायत- हो गए आदेश

भास्कर न्यूज उत्तर प्रदेश उत्तराखंड

मुरादाबाद : बूढ़ी रामगंगा पर दरियापुर में पुल बनाए जाने की जिम्मेदारी बरेली के एएम बिल्डर्स को मिली है। जल्द ही कंपनी पुल बनाए जाने का काम शुरू कर देगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गयी है।

पुल बनने से दरियापुर क्षेत्र के लोगों का 76 साल बाद सपना पूरा होगा।

खादर के दरियापुर गांव में रहने वाले ग्रामीणों के लिए बूढ़ी रामगंगा पर 58.12 मीटर लंबा पुल बनाने के लिए शासन ने आठ करोड़ 74 लाख रुपये की स्वीकृति देकर चाक करोड़ 37 लाख रुपये की पहली किश्त दी है। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जल्द ही काम को पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसलिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने निविदा की प्रक्रिया शुरू कराई। चार कंपनियों ने पुल बनाने के लिए निविदा डाली। एक कंपनी पहले ही निविदा से बाहर हो गयी थी। तीन बची थीं।

इनमें से बरेली की एएम बिल्डर्स को पुल बनाने का काम मिल गया। मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग संजय प्रताप सिंह ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर सड़क बनाए जाने को लेकर मामला चल रहा है लेकिन, इससे पुल के निर्माण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। पुल के निर्माण का काम जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। इसमें किसी भी तरह का व्यवधान नहीं आएगा।
नदी पार करके स्कूल जाते हैं बच्चे
आजादी के 76 साल बाद भी दरियापुर के बच्चों को स्कूल जाने के लिए रामगंगा पार करके आना पड़ता है। साइकिल भी बच्चे नदी से होकर ही पार करते हैं। यहां की समस्याओं को देखते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने रोड और बूढ़ी राम गंगा पर पुल का निर्माण करने मुख्यमंत्री से सिफारिश की थी।

ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया था कि बरसात के दिनों में गांव चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर जाता है। पक्का रास्ता न होने से गांव में कोई इमरजेंसी हो जाए तो गांव में एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड तक नहीं पहुंच सकती है। इस पर भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य सैयद जफर इस्लाम ने दरियापुर गांव को गोद लेकर विकास कराया।
बहल्ला नदी पर पुल बनाने की मांग ने जोर पकड़ा
विकास खंड, मूंढापांडे के अफजलपुर गांव और रामपुर के बैंजना गांव के बीच बहल्ला नदी पर पुल बनाए जाने की मांग जोर पकड़ रही है। सोमवार को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता संजय प्रताप सिंह के निर्देश पर लोनिवि निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता सुनील सागर ने अवर अभियंता को साइट का निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के लिए कहा है।

अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को देख लिया है लेकिन, अभी तक रिपोर्ट नहीं सौंपी है। मुख्य अभियंता ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई कराएंगे। उधर, बहल्ला नदी पर पुल बनाने की मांग करने वाले ग्रामीणों ने बुधवार को मुख्य अभियंता से मिलने का निर्णय लिया है। रामपुर और मुरादाबाद के ग्रामीण संयुक्त रूप से मुख्य अभियंता से मिलकर बहल्ला नदी पर पुल बनाए जाने की मांग करेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts