मुजफ्फरनगर। जिले में मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कक्ष में मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के अभियान के संबंध में विस्तार से बताया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित होंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनके पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6 और 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक नागरिक अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां लेकर संबंधित मतदान केंद्र पर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के नाम शामिल करना है।
उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के विभाजन और पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया दो नवंबर तक पूरी की जानी है। मतदान केंद्रों की प्रारूप सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी। 26 अक्टूबर तक प्राप्त सुझावों और शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा, जबकि 27 अक्टूबर को प्रस्ताव अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
















