मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के अरविंद इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम थाना मंसूरपुर ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में इनका उपयोग कर पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न और अन्य समस्याओं के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर बिना झिझक सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की गई।
मिशन शक्ति टीम ने सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नशा मुक्ति भारत अभियान शामिल रहे। टीम ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहायता प्रदान करना और समाज के विभिन्न वर्गों का कल्याण करना है।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं और अभिभावकों से महिला सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की।















