एक्ट्रेस सारा अली खान और आयुष्मान खुराना हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे. इस दौरान दोनों सितारों ने पंजाबी खाने, संस्कृति और खेत के जीवन का खूब आनंद लिया. पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ घूमने के लिहाज से भी एक बेस्ट प्लेस है. दिल्ली-नोएडा या एनसीआर से यहां कुछ घंटों में पहुंचकर दो दिन की शॉर्ट ट्रिप की जा सकती है. चंडीगढ़ एक और वजह से बेस्ट ट्रैवल डेस्टिनेशन है क्योंकि यहां से हिमाचल के कई पॉपुलर टूरिस्ट स्पॉट्स सटे हुए हैं.इसलिए आप चंडीगढ़ में ट्रैवलिंग का प्लान बना रहे हैं तो इस समय अक्टूबर में यहां जाना बेस्ट है. आयुष्मान और सारा की ट्रैवल डायरी के जरिए चलिए आपको बताते हैं कि आप यहां क्या-क्या एक्सप्लोर कर सकते हैं.
आयुष्मान का देसी अंदाज़
चंडीगढ़ से ही आने वाले आयुष्मान खुराना को वहां एक बड़े पीतल के गिलास में ट्रेडिशनल पंजाबी लस्सी पीते देखा गया. उन्होंने अपने शहर के इस देसी पेय का पूरा लुत्फ उठाया. सारा अली खान भी उनके साथ पंजाबी जीवन शैली को करीब से जानने निकलीं. उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह गुलाबी सूट पहने एक खेत के बीच खड़ी थीं. वीडियो में सारा ने दर्शकों का “सत श्री अकाल” कहकर स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ में होने की बात कही और बड़े मज़ेदार अंदाज़ में आयुष्मान खुराना का परिचय कराया.
सारा ने आयुष्मान को “बेहद शानदार” शख्स बताया और दर्शकों से उनके लिए तालियां बजाने को कहा. उन्होंने बताया, “आज सुबह मैंने एक सपना देखा. मैं चंडीगढ़ में हूं, पंजाब के दिल में. मेरे साथ एक शख्स है जो बेहद शानदार है. कृपया आयुष्मान खुराना साहब के लिए तालियां बजाएं.आयुष्मान इस दौरान डेनिम आउटफिट और सफेद शर्ट में नजर आए.
चंडीगढ़ घूमने की 5 खास जगहें
अगर आप भी चंडीगढ़ जाने का मन बना रहे हैं, तो इन जगहों को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं:
रॉक गार्डन: यह चंडीगढ़ के सबसे मशहूर आकर्षणों में से एक है. यह अपनी अनोखी मूर्तियों के लिए जाना जाता है जो बेकार चीजों से बनी हैं.
सुखना लेक: यह नाव चलाने, टहलने और सूर्यास्त देखने के लिए एक खास जगह है.
रोज गार्डन: एक बड़ा बगीचा जिसमें सैकड़ों तरह के गुलाब और दूसरे पौधे हैं.
कैपिटल कॉम्प्लेक्स: यह ले कॉर्बूसियर द्वारा डिजाइन किया गया एक महत्वपूर्ण आर्किटेक्चरल लैंडमार्क है और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल भी है.
इंटरनेशनल डॉल्स म्यूजियम: यहां 250 से भी ज्यादा देशों से लाई गई गुड़ियाएं रखी गई हैं.















