मुजफ्फरनगर। जनपद में चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय परिसर में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर ने की। इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से जावेद और मोंटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने चिकित्सालय के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों तथा वहां मौजूद तीमारदारों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यातायात पुलिस कर्मियों ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनके माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर ने चिकित्सालय के सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों और तीमारदारों को सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनेंगे, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करेंगे और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेंगे। डॉ. मुरली भास्कर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली असमय मौतों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करके रोका जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान की भी परवाह करनी चाहिए। उन्होंने यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए सभी से सड़क सुरक्षा के नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।















