मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मंसूरपुर थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेतक मार्का देशी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सभिन पुत्र रतनलाल निवासी ग्राम सोन्टा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में जनपद में वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी के पर्यवेक्षण और मंसूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध शराब की रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने सोन्टा-सराय रोड पर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना मंसूरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 352/2026 धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।















