भारत के प्रवीण कुमार और बंटी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की हाई जंप T64 इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किए। प्रवीण ने गोल्ड मेडल जीतने के साथ गेम्स रिकॉर्ड भी दो बार तोड़ा।23 साल के प्रवीण इस इवेंट के पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट भी हैं। उन्होंने 2.05 मीटर की बेस्ट छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग के साथ सिल्वर मेडल जीता। उज्बेकिस्तान के तेमुर्बेक गियाजोव 1.86 मीटर की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला।
प्रवीण कुमार ने दो बार तोड़ा गेम्स रिकॉर्ड
प्रवीण कुमार पहले से ही गोल्ड मेडल के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। इवेंट में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने उज्बेकिस्तान के तेमुर्बेक गियाजोव के 1.95 मीटर के गेम्स रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 2 मीटर की छलांग लगाई। गियाजोव ने यह रिकॉर्ड 2018 में जकार्ता में बनाया था। इसके बाद प्रवीण ने 2.05 मीटर की ऊंचाई पार कर अपना गेम्स रिकॉर्ड और भी बेहतर कर लिया।23 साल के प्रवीण का जन्म यूपी के गोविंदगढ़ में हुआ था। यह उनका एशियन गेम्स में दूसरा गोल्ड है। 2022 एशियन पैरा गेम्स में भी उन्होंने गोल्ड जीता था। इस दोहरी सफलता के साथ भारत ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपना 11वां गोल्ड मेडल हासिल किया। इनमें से 10 गोल्ड एथलेटिक्स में आए हैं।
बंटी ने पर्सनल बेस्ट के साथ जीता सिल्वर
भारत के दूसरे खिलाड़ी बंटी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर अपना व्यक्तिगत पर्सनल बेस्ट दर्ज किया और सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। बंटी ने 1.95 मीटर की ऊंचाई पार करने की कोशिश की, लेकिन तीनों प्रयासों में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उनका 1.92 मीटर का प्रदर्शन उन्हें पोडियम पर दूसरा स्थान दिलाने के लिए काफी रहा।















