बांदा में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का प्रयास

बाँदा। बुंदेलखंड के जनपद बांदा में कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई।

कांग्रेस का आरोप है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से पुलिस-प्रशासन ने जबरन पुतला छीनने की कोशिश की। इस दौरान महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा खान सहित महिला कार्यकर्ताओं के साथ खींचतान और अभद्रता की गई। जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि, भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी कर रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। वाराणसी जैसी हाई प्रोफाइल सीट पर भी धांधली हुई है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। वाराणसी लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में गड़बड़ी की निष्पक्ष और हाई लेवल जांच कराई जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक उग्र आंदोलन करेगी। कार्यकर्ता जेल जाने और लाठियां खाने को भी तैयार हैं। भारी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts