बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने देश लौटना चाहती हैं, लेकिन उनकी वापसी का रास्ता आसान नहीं दिख रहा. शेख हसीना की ओर से लंदन की एक लॉ फर्म ने बांग्लादेश हाई कमीशन से नया पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड जारी करने की मांग की है.
यह दूसरी बार है जब उनके लिए आवेदन किया गया है. दूसरी तरफ बांग्लादेश सरकार उन्हें भारत से प्रत्यर्पित कराकर वापस लाने पर जोर दे रही है. बांग्लादेश में भी शेख हसीना के समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बांग्लादेश सरकार यह चाहती ही नहीं कि शेख हसीना वापस लौट सकें.
हसीना की ओर से काम कर रही लंदन की लॉ फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने 9 नवंबर को बांग्लादेश हाई कमीशन को ईमेल भेजकर नया पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड जारी करने का अनुरोध किया था. हालांकि, ढाका ने पहले आवेदन पर सवाल उठाते हुए कहा था कि इसके साथ हसीना की अनुमति का कोई प्रमाण नहीं दिया गया है. इसके बाद गुरुवार को वकीलों ने हसीना का साइन किया हुआ पत्र भेजा और दूसरी बार आवेदन किया. इस पत्र के जरिए यह बताया गया कि वकीलों को उनकी ओर से आवेदन करने की अनुमति मिली हुई है.
ढाका क्यों नहीं देना चाहता पासपोर्ट?
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने साफ कर दिया है कि सरकार शेख हसीना को भारत से वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण संधि का सहारा लेगी. उन्होंने हसीना को ‘हत्यारा और आतंकवादी’ भी बताया. यहीं से मामला और उलझता दिख रहा है. हसीना बांग्लादेश की नागरिक हैं और उन्हें पासपोर्ट जैसे यात्रा दस्तावेज जारी करने का अधिकार बांग्लादेश सरकार के पास है. रिपोर्ट के मुताबिक, नया पासपोर्ट नहीं मिलने की वजह से उनकी अपनी इच्छा से बांग्लादेश लौटने की कोशिश अटकी हुई है. शेख हसीना ने ऐलान किया था कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी. रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि भारत ने हसीना की स्वेच्छा से वापसी में कोई रुकावट नहीं डाली है. यानी इस मामले में सबसे बड़ी अड़चन यात्रा दस्तावेज मिलने की बताई जा रही है.
पहले रद्द हुआ डिप्लोमैटिक पासपोर्ट, फिर ब्लॉक हुआ ID कार्ड
बांग्लादेश में सत्ता से बेदखल होने के बाद शेख हसीना के दस्तावेज भी रद्द कर दिए गए थे. 22 अगस्त 2024 को उनका राजनयिक पासपोर्ट रद्द कर दिया गया. इसके बाद 16 फरवरी 2025 को उनका नेशनल आईडी कार्ड भी ब्लॉक कर दिया गया. ऐसे में बिना वैध यात्रा दस्तावेज के उनके लिए बांग्लादेश लौटना मुश्किल हो सकता है. यही वजह है कि उनकी ओर से अब नए पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड के लिए दोबारा आवेदन किया गया है.
प्रत्यर्पण और अपनी मर्जी से वापसी में क्या फर्क है?
इस पूरे मामले में एक अहम सवाल प्रत्यर्पण और स्वेच्छा से देश लौटने की प्रक्रिया का है. प्रत्यर्पण का मतलब है कि एक देश किसी दूसरे देश के अनुरोध पर अपने यहां मौजूद व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत उस देश को सौंपता है. वहीं, स्वेच्छा से वापसी में व्यक्ति खुद अपने देश लौटने का फैसला करता है.















