प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ वाले बयान पर कांग्रेस का पलटवार

देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को ‘दिमागी नक्सली’ कहा था।कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह से परेशान, विचलित और हताश हैं। अब उनके लिए ‘झोला उठाकर जाने का समय’ तेजी से करीब आ रहा है। कांग्रेस की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई जब पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा

पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ कमेंट पर बोले जयराम

प्रधानमंत्री ने रविवार को बस्तर में कहा कि हथियारबंद माओवादियों का तो सफाया हो चुका है, लेकिन ‘दिमागी नक्सली’ कई संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं। लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। पीएम मोदी की टिप्पणी पर कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिवाली के दिन भी देश को अपनी ‘विशिष्ट अपशब्दों वाली शैली’ से नहीं बख्शा।

कांग्रेस नेता एक्स पोस्ट में क्या लिखा

जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर उन लोगों का जिक्र किया जिन्हें वे ‘दिमागी नक्सली’ कहते हैं। उन्होंने एक बेहद गंभीर और गैर-राजनीतिक मौके पर सुरक्षा बलों की वर्दी पहनी और अपने राजनीतिक विरोधियों पर तीखे अपशब्द कहे। उन्होंने सवाल किया कि यह सभी संस्थागत मानदंडों पर एक खुला हमला है, लेकिन इस तरह की बातों ने कभी इस व्यक्ति को कब रोका है?

जनगणना और कृषि कानूनों का किया जिक्र

कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि 28 अप्रैल 2024 को पीएम मोदी ने कहा था कि जो लोग जाति जनगणना की मांग कर रहे हैं, वे ‘शहरी नक्सली’ हैं। हालांकि, बाद में, 30 अप्रैल 2025 को उन्होंने ऐलान किया कि 2027 की जनगणना के हिस्से के रूप में जाति जनगणना भी कराई जाएगी। कांग्रेस नेता ने बताया कि इससे पहले, सितंबर 2020 में, उन्होंने तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन करने वालों को नक्सल विचारधारा का सपोर्टर कहा था। बाद में, 19 नवंबर, 2021 को, उन्होंने उन्हीं कानूनों को वापस ले लिया।

पीएम मोदी हताश-परेशान हैं: जयराम

जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी साफ तौर पर परेशान और हताश हैं। उनके झोला उठाने का समय तेजी से आ रहा है। छत्तीसगढ़ के बस्तर में अपनी बात रखते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने ऐसे फैसले लिए जिनसे नक्सलियों और अलगाववादियों की फंडिंग को बहुत बड़ा झटका लगा है। मिलिट्री स्टाइल की कैमोफ्लाज यूनिफॉर्म और टोपी पहने पीएम मोदी ने कहा कि माओवादी आतंक का खात्मा देश की सही नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जीत है।
पीएम मोदी ने कहा कि सफलताओं के बीच, हमें एक और बात याद रखनी चाहिए। नक्सलियों का खात्मा हो गया है, लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। हथियारबंद नक्सली जंगलों से गायब हो गए हैं, लेकिन ‘दिमागी नक्सलियों’ ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है। आज भी वे लोगों को देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़का रहे हैं। वे कई राजनीतिक पार्टियों और अलग-अलग संगठनों में घुस गए हैं। हमें उन्हें पहचानकर हराना होगा और देश को सुरक्षित करना होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts