मुजफ्फरनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय मुजफ्फरनगर एवं बरला इंटर कॉलेज, बरला के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र पुरकाजी में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को इन क्षेत्रों में दक्षता हासिल करने के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण लेना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की रुचि और क्षमता को समझते हुए उन्हें अपनी पसंद के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि युवा अपनी योग्यता के अनुसार बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकें।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और परीक्षा आयोजित की गई। मेले में कुल 273 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग करते हुए रोजगार पाने के लिए अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में 198 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड और टाटा एआईए सहित कई कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी पारुल सिंघल, कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सिंह, उपप्रधानाचार्य हरीश कुमार और अपर सांख्यिकीय अधिकारी अश्वनी कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा सेवायोजन कार्यालय से राधे श्याम, प्रदीप कुमार, शिव शंकर, जितेंद्र कुमार और रोहीन सहित बरला इंटर कॉलेज के कर्मचारियों ने आयोजन में सहयोग किया। मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिला।















