मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ जिले के हर पात्र किसान तक पहुंचाने के लिए सोमवार को जिला स्तरीय बैंकर्स बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर हुई बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। उन्होंने बैंकवार और शाखावार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित पात्र किसानों के आवेदनों की जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित पात्र किसानों को जल्द योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को योजना का लाभ दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित बैंक शाखाओं को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी बैंक या शाखा की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने कहा कि फसल बीमा योजना प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है, इसलिए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में सभी विभागों और बैंक शाखाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, डीडीएम नाबार्ड नीलय वत्स, जिला अग्रणी प्रबंधक अनिल चौधरी, डीसीबी जीएम राकेश, फसल बीमा जिला प्रबंधक, तहसील समन्वयक और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।























































