व्यापारियों की सुरक्षा पर पुलिस ने किया मंथन.

मुजफ्फरनगर। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने की। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापार मंडल के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में बाजारों की कानून व्यवस्था, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा तथा व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। व्यापारियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजारों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित सुझाव पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और बाजारों में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। गोष्ठी में व्यापारियों को सतर्क रहने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts