बांदा। जिस घर में पांच महीने पहले शादी की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां सोमवार को चीख-पुकार मच गई। चिल्ला थाना क्षेत्र के महेदू गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर की रसोई में उसका शव लटका मिला। घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। महेदू गांव निवासी रविंद्र पाल सूरत में मजदूरी करता है। दो दिन पहले ही वह गांव लौटा था। सोमवार को पति-पत्नी ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद रविंद्र खेत चला गया। घर में अकेली रह गई पत्नी सीमा की कुछ देर बाद रसोई में लटकी मिलने की सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन उसे तिंदवारी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीमा की शादी बीती 5 मई 2026 को हुई थी।
उसका मायका पैलानी थाना क्षेत्र के पड़ोहरा गांव में है। शादी के महज पांच महीने बाद ही उसकी मौत से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में मातम छा गया।मृतका के पिता मातादीन पाल ने बताया कि बेटी को पति से कोई परेशानी नहीं थी। उन्होंने बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात भी कही। थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा। म्रतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है-परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है।















