देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ पर्यटकों का नया आकर्षण,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ तेजस के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा तथा यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव प्राप्त होगा.मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है. यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है.

चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है. इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है.मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा. इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे भविष्य में राज्य एवं देश के विकास के साथ ही प्रकृति संरक्षण में भी अपना योगदान दे सकेंगे.

वन्यजीव संरक्षण के साथ नई पीढ़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है. प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है. राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है. राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं. इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के साथ ही नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है. देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर. के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts