मुजफ्फरनगर। नुमाइश ग्राउंड में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं नींव शक्ति संस्था के संयुक्त तत्वावधान में राज्यनिधि योजना के अंतर्गत हुनर हाट-दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने किया। मेले में दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं तैयार किए गए हस्तशिल्प, कलाकृतियों, मिट्टी के दीपों, मोमबत्तियों और विभिन्न उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए 25 स्टाल लगाए गए। इनमें आशादीप धर्मार्थ सेवा समिति, चौधरी धर्मवीर सिंह मेमोरियल शिक्षा समिति, दिव्यांग एकता यूनियन, आधारशिला खतौली, खादी ग्रामोद्योग विभाग और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं ने भाग लिया। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने स्टालों का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों ने अपनी प्रतिभा और हुनर के माध्यम से समाज को आत्मनिर्भरता का संदेश दिया है। स्टालों पर घरों की सजावट के सामान, मिट्टी के बर्तन, बैग, खाद्य सामग्री, दीपक और अन्य आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांकेतिक भाषा के माध्यम से अपनी बात समझाने वाले प्रतिभागियों की भी उन्होंने सराहना की। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन के लिए आर्थिक सहायता और विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि पहले दिव्यांगजनों को एक हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। उन्होंने दिव्यांगजनों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, रामकुमार कश्यप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, अरविंद पाल, सोम प्रकाश, जैस्मीन, ज्योति प्रजापति, ऋचा वल्लभ खुल्वे, नित्या दूबे, चित्रा चौहान सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।















