बुढ़ाना में रोजगार मेले का आयोजन, 346 अभ्यर्थियों का हुआ चयन.

मुजफ्फरनगर। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं डीएवी डिग्री कॉलेज बुढ़ाना के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र बुढ़ाना स्थित डीएवी डिग्री कॉलेज परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने किया। इस दौरान उन्होंने रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षिक डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके साथ हुनर और व्यावहारिक ज्ञान होना भी जरूरी है। युवाओं को रोजगार मेले में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी लेकर पूरी लगन से अपनी शैक्षिक तैयारी मजबूत करनी चाहिए और आत्मविश्वास के साथ साक्षात्कार में प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस प्रकार के रोजगार मेलों का नियमित आयोजन कराने पर जोर दिया, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 10 कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रतिभाग किया। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं परीक्षा के माध्यम से चयन किया गया। मेले में कुल 640 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 346 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया। इस प्रकार रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार पाने का अवसर मिला। मेले में पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, सुब्रोस लिमिटेड और एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड सहित 10 कंपनियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रदीप कुमार, राजकीय आईटीआई लोई बुढ़ाना के प्रधानाचार्य अंकित सिंघल तथा जिला सेवायोजन अधिकारी पारूल सिंघल ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन कार्यालय एवं डीएवी डिग्री कॉलेज के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts